सोलन शहर के समीप जटोली क्षेत्र में चोरी का मामला सामने आया है। यहां देर रात चोरों ने सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप गाड़ी से नगदी और अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। पिकअप चालक के अनुसार उसने रात के समय वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था। सुबह जब वह वापस आया तो गाड़ी में रखा सामान गायब मिला। चालक ने बताया कि चोर पिकअप से करीब 21 हजार रुपये नकद, रस्सा और अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए हैं। चालक ने इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उसने चोरी की जानकारी दी है। घटना के बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जटोली क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह पर कार्रवाई करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर सकती है।