धुंदन स्कूल में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के बारे में जागरूक करते हुए। संवाद
टेस्टिंग किटों से पानी की गुणवत्ता भी जांची
आदर्श विद्यालय धुंदन में किया विशेष कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में पीने के पानी की टंकियों की साफ-सफाई की गई और पानी की जांच की गई।
रंजना ठाकुर ने बताया कि किस तरह से हम पीने के पानी को संग्रहित कर सकते हैं। संग्रहित पानी कैसे पीने योग्य बना सकते हैं। इसके साथ-साथ स्वच्छ पानी के फायदे भी बताए गए। जल शक्ति विभाग से मिली वाटर चेकिंग किट का प्रयोग करते हुए विद्यार्थियों के द्वारा पानी का सैंपल लिया। इसमें विद्यार्थियों को टेस्टिंग के तरीके भी बताए गए।
इसी संदर्भ में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बच्चों को पानी का सदुपयोग करने के बारे में जानकारी प्रदान की। इस दौरान प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू, सुरेंद्र कुमार, वोकेशनल टीचर हेल्थ केयर रंजना ठाकुर और एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।