गिरिनगर के ऐतिहासिक पड़दूनी स्कूल को बंद किए जाने को लेकर लोगों में रोष पनप रहा है। क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिला मुख्यालय नाहन में पहुंचा और एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में लोगों ने बताया कि वर्ष 1967 से यह स्कूल गिरिनगर पावर हाउस के सहयोग से चलता आ रहा है और इसमें तीन से चार पंचायतों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सपूत कुलविंदर सिंह ने भी इसी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी शहादत के बाद स्कूल का नाम उनके सम्मान में रखा गया था। अब इस स्कूल को बंद करने के फैसले को लोग शहीद के सम्मान का अपमान मान रहे हैं। लोगों ने सरकार से गुहार लगाई कि स्कूल को बंद न किया जाए।