फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour: इंटरनेट पर वीडियो देखकर शिक्षक ने तैयार किया अमरूद का बगीचा, युवाओं को आर्थिकी सुदृढ़ करने की दिखाई राह

Ankesh Dogra Updated Sun, 07 Jun 2026 11:05 AM IST

कहा जाता है कि परिश्रम हमेशा फल देता है और इंसान को हमेशा कुछ नया करने की दृढ़ इच्छा शक्ति हो, तो कोई भी काम असंभव नहीं होता। कृषि के क्षेत्र में एक ऐसा ही शानदार उदाहरण सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत बनकला पंचायत के भूड़पुर गांव से ताल्लुक रखने वाले जेबीटी शिक्षक दलबीर सिंह ने पेश किया है। सोशल मीडिया यूट्यूब से बागवानी की बारीकियां सीख जेबीटी शिक्षक दलबीर सिंह ने न केवल 250 पौधे लगाकर अमरूद का एक बेहतरीन बगीचा तैयार कर दिया, बल्कि अन्य फलों, फूलों सहित अन्य कई प्रकार की खेती का अन्य किसानों को आर्थिकी सुदृढ़ करने की दिशा में उन्नति की नई राह भी दिखाई है। दरअसल दलबीर एक जेबीटी शिक्षक हैं और गांव में उनके पास काफी खेत हैं। नौकरी के चलते वह खेतों में अधिक समय नहीं दे पाते थे, लेकिन फिर उन्होंने यूट्यूब पर अमरुद की उन्नत फसलों और उनसे होने वाली आय के बारे जाना। इसके बाद उत्तरप्रदेश के सहारनपुर की एक नर्सरी से तीन प्रकार की किस्मों के 250 अमरूद और कई अन्य फलों और फूलों के पौधे लेकर आए। उन्होंने करीब 4 से 5 बीघा भूमि पर अमरुद के पौधे लगाकर बगीचा तैयार किया, जो अब फल दे रहे हैं और बाजार में अच्छी कीमत पर बिक भी रहे हैं। इसके साथ-साथ दलबीर सिंह ने बेर और फूलों को भी अमरूदों के साथ उगाया हुआ है, जिससे उन्हें और अधिक लाभ मिल रहा है. आज उनके खेतों में 250 अमरुद के पौधे हैं। उनका सारा परिवार उनकी इस कार्य में सहायता करता है। साथ ही उन्होंने इस कार्य के लिए गांव के ही दो लोगों को रोजगार भी दिया है, जो उनके बागीचे की देखभाल करते हैं। दलबीर सिंह का यह प्रयास अन्य ग्रामीणों के लिए भी एक प्रेरणा बनकर उभरा है और अब अन्य ग्रामीण भी फल उत्पादन की ओर आकर्षित होने लगे हैं। दूर-दूर से लोग उनके इस बगीचे को देखने और उत्पादन विधि जानने को पहुंच रहे हैं। जेबीटी शिक्षक दलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें खेती से बहुत लगाव है, लेकिन नौकरी के चलते वह ज्यादा समय खेती को नहीं दे पा रहे थे, फिर उन्होंने बागवानी करने का फैसला लिया और आज उनके पास फलों से भरा बगीचा है, जिसमें अमरूद, बेर इत्यादि सहित अनेक प्रकार के फूल भी लगे हैं. उनका परिवार इस कार्य में पूरी मदद करता है और बगीचे के लिए उन्होंने दो लोगो को रोजगार भी दिया है। उन्होंने बताया कि यूट्यूब से उन्होंने बगीचा तैयार करने की जानकारी हासिल की। इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने भी उनका मार्गदर्शन किया। आज अमरूद के पौधे फल दे रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें