निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय नाहन में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों की ओर से जगह-जगह मीठे पानी की छबीलें लगाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को शीतल पेय पदार्थ वितरित किए गए। गर्मी के बीच लोगों ने मीठा पानी, शरबत और हलवा वितरित कर पुण्य अर्जित किया। शहर के मेडिकल कॉलेज नाहन परिसर, बड़ा चौक, हिंदू आश्रम, गुन्नूघाट, लालटेन चौक, महलात की घाटी सहित अन्य स्थानों पर दिनभर छबीलों का आयोजन किया गया। यहां से गुजरने वाले लोगों को मीठा पानी, शरबत और प्रसाद के रूप में हलवा बांटा गया। छबीलों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सेवा कार्य में सहयोग दिया।