भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रशासनिक और वित्तीय मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों का सीधा असर आम जनता, खासकर विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ रहा है। रविवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1500 से अधिक स्कूल बंद किए जा चुके हैं। हाल ही में 150 और स्कूल बंद करने के निर्णय से शिक्षा व्यवस्था को गहरा झटका लगा है। इसके अलावा कई कॉलेजों को मर्जर के नाम पर समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों के कारण दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और अभिभावकों की चिंता बढ़ी है।