अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला सिरमौर ने शिलाई में हुए चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान पर कड़ा रूख कर अख्तियार लिया है। छात्र संगठन का आरोप है कि यह कार्य उद्योग मंत्री के संरक्षण में हुआ है। इसे लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने महिला पुस्तकालय से लेकर डीसी कार्यालय तक रैली निकाली और नारेबाजी की। इकाई मंत्री साहिल ठाकुर और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गौरव ने बताया कि दिन के उजाले में सैकड़ों पेड़ कैसे काटे गए, वन और पुलिस विभाग कहां सोया था। उन्होंने कहा कि यहां पर 25 पेड़ों के नाम पर सैंकड़ों पेड़ काट दिये गए हैं। जबकि किसी को एक पेड़ काटना हो तो वन विभाग की इजाजत लेने के लिए सैंकड़ों चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि भारी दवाब के बाद बीओ और वन रक्षक को निलंबित किया गया है। जबकि अब तक डीएफओ पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मामले में यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे जिला के लोगों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगा।