कोली समाज जिला सिरमौर की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रताप सामुदायिक भवन नाहन में जिला महासचिव जीत सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बुद्ध जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बुद्ध जयंती समारोह में प्रो. बलबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे लाइब्रेरी चौक स्थित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा, जिसमें कार्यकारिणी के समस्त सदस्य उपस्थित रहेंगे। समारोह के सफल संचालन हेतु अशोक तोमर को प्रबंधन समिति का अध्यक्ष और राकेश तोमर को भोजन एवं जलपान समिति का दायित्व सौंपा गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि बच्चों के लिए कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय महात्मा बुद्ध.., के जीवन चरित्र से जुड़ा होगा। प्रतिभागी बच्चों को रंग अपने घर से लाने होंगे लेकिन शीट और बोर्ड आयोजक प्रदान करेंगे। जो भी चित्र दिए जाएंगे वो बिना देखे बनाने होंगे। इसके साथ ही, शिक्षा सत्र 2024-25 के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। सम्मान के लिए निजी स्कूलों के 90 प्रतिशत और सरकारी स्कूलों के 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का चयन किया जाएगा। विजेताओं को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। बैठक के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन होगा और आयोजन को सफल बनाने को लेकर अगली बैठक 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे तय की गई। इस अवसर पर हिमेश चौहान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।