फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour: नाहन में पशुओं को लावारिस छोड़ा तो मालिक के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर

पालतू पशुओं को लावारिस छोड़ने पर अब मालिक के खिलाफ पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट यानि एफआईआर दर्ज होगी। नाहन में मालिकों की तरफ से पशुओं को सड़कों पर लावारिस छोड़े जाने के मामले में प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। इस मामले में तीन संबंधित विभाग को कड़ी कार्रवाई के दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। तीनों विभाग आपसी तालमेल से कार्रवाई करेंगे। जानकारी अनुसार शहर की सड़कों व गलियों में लावारिस पशुओं की संख्या दिनों-दिन बढ़ रही है। कई बार इन पशुओं के चलते सड़कों पर हादसे भी होते हैं। बाजारों में पशुओं के अचानक हमले से लोगों को चोट लगने के मामले भी सामने आते हैं। बताया जाता है कि कुछ पशु लावारिस रहते हैं लेकिन कुछ पशुओं को यहां आसपास से लोग छोड़ देते हैं। दिन भर यह पशु शहर की सड़कों पर घूमते हैं। शहर में लोगों को पेश आ रही समस्या को देखते हुए अब प्रशासन ने इस मामले में कड़ा कदम उठाया है। एसडीएम नाहन ने इस मामले में नगर परिषद नाहन, पशुपालन विभाग व पुलिस विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि नगर परिषद शहर में घूम रहे लावारिस पशुओं की पहचान करेगी। पशुओं के कानों में लगे टैग को लेकर पशुपालन विभाग से मिलकर मालिक का पता लगाया जाएगा। लावारिस छोडे गए पालतू पशु के मालिक का पता लगते ही पुलिस इसपर पशु क्रुरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज करेगी। मामला दर्ज हो जाने के बाद पशु मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। बता दें कि नगर परिषद नाहन क्षेत्र से कुछ ही महीने पहले प्रशासन ने नगर परिषद के सहयोग से लावारिश घूम रहे करीब दो दर्जन से अधिक पशुओं को ट्रकों में भरकर नालागढ़ व राजगढ़ गौसदनों में भेजा था। कुछ दिनों तक तो शहर में इक्का-दुक्का ही पशु दिखाई दिए। लेकिन अब जगह-जगह पशुओं का जमावड़ा देखने को मिलता है। यह पशु खुले में फेंके गए कचरे में मुंह मारते हैं और लोगों के घरों व बाजारों में रहते हैं। इनमें अधिकतर पशु ऐसे हैं जो यहां आसपास के लोगों ने पाले हैं, लेकिन उन्हें दिन में खुला छोड़ दिया जाता है। एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र नाहन में कुछ समय से सड़कों पर पशुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। हालांकि कुछ ही महीनों पहले पशुओं को नालागढ़ गौसदन भेजा गया था। जानकारी मिली है कि लोग भी अपने पालतू पशुओं को लावारिस छोड़ रहे हैं। ऐसे में नगर परिषद नाहन, पशुपालन व पुलिस विभाग को पत्र लिखकर पशु मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें