भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत बनकला, सतीवाला, फतेहपुर और हरिपुर खोल पंचायत का दौरा किया। डा. बिन्दल ने इन स्थानों पर भारी बरसात से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों के साथ उनका दुख साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आपदा के कारण भारी जान-माल के नुकसान से मन अत्यंत व्यथित और दुखी है। डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि गत दिनों भारी बरसात से नाहन विधानसभा क्षेत्र में जनमानस की जमीन, मकान, खेती, और फसलों को भारी हानि हुई है। अनेक लोगों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। पानी के बहाव से सैकड़ो बीघा खेती की जमीन नष्ट हो गई है। मारकंडा नदी, जलाल नदी और इनकी सहायक नदियों और नालों से इलाके में भारी भूमि का कटाव हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि जो मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और रहने लायक नहीं बचे हैं, उन्हें पूर्ण रूप से ध्वस्त की श्रेणी में डाला जाए और तदानुसार राहत उपलब्ध करवाई जाए। आंशिक नुकसान वाले प्रभावितों की भी अतिशीघ्र भरपाई की जाए। इसी प्रकार खेतों और जमीनों के नुकसान का अतिशीघ्र आकलन किया जाए। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई समस्त धनराशियां प्रभावित परिवारों को ही देने की मांग प्रदेश सरकार से की।