नाहन। दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री को भी इस घटना पर देश से माफी मांगनी चाहिए। यह बात भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि नाहन कॉलेज में छात्रों के साथ संवाद और इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों की समस्याओं के समाधान में गंभीर नहीं है। पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। सुरेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों की आवाज बनकर उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।