स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की मासिक बैठक गुरुवार को नाहन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने की। इसमें चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षिक व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान गत वित्तीय वर्ष में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में संचालित योजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि धगेड़ा ब्लॉक ने एनसीडी कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्य का 112 प्रतिशत हासिल किया है, जो सराहनीय उपलब्धि है। इसके अलावा ई-संजीवनी सेवा के लक्ष्य को भी 100 प्रतिशत पूरा किया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिविरों का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल किया गया है। बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार की समस्या नहीं होती।