जनाब...गर्मी के मौसम में पानी की बहुत दिक्कत रहती है। ओरों के कनेक्शन टी से दिए गए हैं, जबिक हमारे घर के लिए सुंबे (छेद) के माध्यम से कनेक्शन है। ऐसे में गर्मी के मौसम में पानी नहीं मिलता और मजबूरन टैंक से पानी भरना पड़ता है। इस बारे में कई बार अवगत करवाने बावजूद भी सुनवाई नहीं हो रही। यह फरियाद आमटा गांव के सुभाष ने विकास खंड नाहन के बनेठी में वीरवार को आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के समक्ष लगाई। इस पर उद्योगमंत्री ने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को समस्या के जल्द निवारण के आदेश दिए। सराहां के रुप सिंह ने बताया कि बनेठी-सराहां-नावणी सड़क के निर्माण के दौरान उनके घर को खतरा पैदा हो गया है। इस बारे में वे कई बार लोक निर्माण विभाग को डंगा लगाने को लेकर अवगत करवा चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बरसात क मौसम में उनके घर को खतरा बना रहता है। सराहां गांव के सरज्ञान पुंडीर ने बनेठी-सराहां सड़क को पक्का करने की मांग उठाई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनेठी के एसएमसी अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने स्कूल में करीब दो साल से रिक्त चल रहे गणित के अध्यापक और अन्य स्टाफ की समस्या को उठाया। कार्यक्रम में अधिकतर शिकायतें और मांगे पानी, बिजली और सड़क से संबंधित उठी। जिन पर संज्ञान लेते हुए उद्योग मंत्री ने शीघ्र निवारण के संबंधित विभागों को निर्देश दिए।