समाजसेवा को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित नहीं रखते हुए रोटरी क्लब नाहन ने वर्षभर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य करने की योजना तैयार की है। क्लब की ओर से मंगलवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में अध्यक्ष संदीप शर्मा ने इस वर्ष की गतिविधियों और प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि क्लब ने शिमला में होमगार्ड विभाग के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत अब सिरमौर में होमगार्ड्स के सहयोग से विभिन्न सामाजिक और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अध्यक्ष ने बताया कि होमगार्ड विभाग के सहयोग से शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान तथा स्कूलों में विद्यार्थियों को जागरूक करने सहित विभिन्न कार्यक्रम पूरे वर्ष चलाए जाएंगे। कमांडेंट होमगार्ड टीआर शर्मा के सहयोग से क्लब की ओर से हाल में भी कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित की गई हैं। रोटरी क्लब की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नाहन स्थित महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। क्लब पदाधिकारियों ने लोगों से इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर क्लब के महासचिव नवनीत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।