अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) प्रदेश में 12 अक्तबूर को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित करेगा। इसके लिए संगठन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह जानकारी नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एबीवीपी के जिला संयोजक वंश भंडारी ने दी। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता भाग लेने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों के नौंवी से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थी पंजीकरण करवा सकते हैं। 6 अक्तूबर पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता का परिणाम 10 से 20 नवंबर के बीच घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को क्रमश: 31 हजार, 21 हजार और 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। एबीवीपी के जिला संयोजक वंश भंडारी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य पर शिक्षण संस्थान का राजनीतिकरण करने का आरोप भी जड़ा। उन्होंने कहा कि हाल ही में कॉलेज कैंपस में युवा कांग्रेस की एक बैठक हुई। एबीवीपी ने इसका विरोध भी किया, लेकिन प्रधानाचार्य की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।