फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांवटा साहिब नगर परिषद: निर्मल कौर अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मिक्का उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

Ankesh Dogra Updated Mon, 06 Jul 2026 01:19 PM IST

पांवटा साहिब नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। एसडीएम द्विज गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में निर्मल कौर को नगर परिषद का अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मिक्का को उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा समर्थित कुल 8 पार्षदों ने हिस्सा लिया, जबकि कांग्रेस की ओर से किसी भी पार्षद ने चुनाव में भाग नहीं लिया। विपक्षी पार्षदों की अनुपस्थिति के कारण दोनों पदों के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के सामने कोई अन्य प्रत्याशी नहीं खड़ा हो सका, जिससे दोनों का निर्विरोध चयन सुनिश्चित हुआ। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम द्विज गोयल ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाते हुए निर्मल कौर को नगर परिषद अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मिक्का को उपाध्यक्ष घोषित किया। इस दौरान प्रशासनिक स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। मौके पर मौजूद पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के नए नेतृत्व से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। विधायक ने यह भी कहा कि आने वाले समय में नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़क सुधार, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पांवटा साहिब को एक बेहतर और विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। स्थानीय स्तर पर भाजपा समर्थकों ने इस निर्विरोध जीत को संगठन की मजबूती और जनसमर्थन का संकेत बताया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें