नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए है। हाल ही में भाजपा नेताओं ने इन सड़क योजनाओं को भाजपा सरकार के कार्यालय में स्वीकृत होने की बात कही थी। वहीं मंगलवार को नाहन में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस नेता नरेंद्र तोमर ने पटलवार करते हुए नाहन के पूर्व भाजपा विधायक पर विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने के आरोप जड़े। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा विधायक कांग्रेस कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों का श्रेय लेने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में कुछ सड़कों की डीपीआर और फोरेस्ट क्लीरेंस इस वर्ष और बीते वर्ष हुई है, लेकिन पूर्व भाजपा विधायक सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भाजपा सरकार के कार्यकाल में होना बता रहे हैं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता कैप्टन सलीम अहमद, पूर्व प्रधान बाबूराम, अरुण, मदन सूर्यवंशी मौजूद रहे।