राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की एनएसएस इकाई ने आयुष विभाग के सहयोग से महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष वाई-ब्रेक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग की डॉ. ममता जैन एवं डॉ. उन्नति शर्मा ने योग सत्र का संचालन करते हुए अल्प समय में किए जा सकने वाले उपयोगी योग अभ्यासों का प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को योग के माध्यम से तनावमुक्त रहने के टिप्स दिए गए। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ट्विंकल ने किया। नोडल अधिकारी एनएसएस डॉ. पंकज चांडक ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने कहा कि योग वर्तमान जीवन शैली में अत्यंत आवश्यक है। कार्यस्थल पर ऐसे सत्र मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. देव राज शर्मा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. उत्तमा पांडेय, डॉ. विवेक नेगी, कार्यालय अधीक्षक सुरेश शर्मा सहित अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।