लगातार हो रही बारिश ने जिला मुख्यालय नाहन के बाजारों की रौनक फीकी कर दी है। जुलाई से जारी मानसूनी बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है। इसका सीधा असर स्थानीय कारोबार पर पड़ा है। व्यापारियों के अनुसार इस सीजन में अलग-अलग कारोबारों में 30 से 85 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है। गुन्नुघाट, कच्चा टैंक, बड़ा चौक, नया बाजार और हिंदू आश्रम बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की संख्या घटने से दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि मौसम और बाजार की स्थिति नहीं सुधरी तो नवरात्र तक कारोबार में खास सुधार की उम्मीद नहीं है। ऑनलाइन खरीदारी भी बनी चुनौती कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि खराब मौसम के अलावा ऑनलाइन शॉपिंग भी कारोबार पर बड़ा असर डाल रही है। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में लोग अब ऑनलाइन सामान मंगा रहे हैं, जिससे स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की संख्या लगातार घट रही है। अलग-अलग कारोबार पर अलग असर बर्तन कारोबार: लगभग 85 प्रतिशत तक गिरावट। कपड़ा कारोबार: बारिश और ऑनलाइन शॉपिंग से बिक्री प्रभावित। हार्डवेयर कारोबार: 50 से 60 प्रतिशत तक कमी। गिफ्ट गैलरी: 50 से 60 प्रतिशत तक कारोबार घटा। जूता कारोबार: करीब 30 प्रतिशत तक गिरावट। व्यापारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने और त्योहारी सीजन शुरू होने के बाद ही कारोबार में सुधार की उम्मीद की जा सकती है।