सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक स्थित जोशियों वाली गली में भूस्खलन के बाद राहत एवं मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की निगरानी में भारी मशीनों और श्रमिकों की मदद से हजारों टन मलबा हटाया जा रहा है। यदि मौसम ने साथ दिया तो अगले छह से सात दिनों में गली को पूरी तरह खोलने का लक्ष्य रखा गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह वार्ड नंबर-7 के बड़ा चौक स्थित जोशियों वाली गली में एक जर्जर डंगा अचानक भरभराकर ढह गया था। इसके बाद भारी भूस्खलन हुआ और गली में बड़े-बड़े पत्थरों तथा हजारों टन मलबे का ढेर लग गया। मलबे के कारण कई मकानों के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद हो गई थीं, जिससे कई परिवार अपने ही घरों में फंस गए थे। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बारिश थमने के बाद अब राहत कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार मलबा हटाने का कार्य चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि गली में भारी चट्टानें और बड़े पत्थर भी गिरे हुए हैं। ऐसे में मशीनों की मदद से सावधानीपूर्वक मलबा हटाया जा रहा है, ताकि आसपास के मकानों को कोई नुकसान न पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने के बाद यहां नए सिरे से मजबूत डंगा बनाया जाएगा, जिससे भविष्य में भूस्खलन की घटनाओं का खतरा कम किया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य शुरू होने पर संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही सामान्य आवाजाही बहाल हो जाएगी।