स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सौरभ मिन्हास ने की। उन्होंने बताया कि नशा करने वालों को अगर समय पर न संभाला जाए उनकी जान भी जा सकती है। उन्होंने संतुलित आहार के लाभ और नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने बताया किशोरावस्था में छात्रों के नशे की गिरफ्त में आने की अधिक आशंका रहती है। यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव, सुस्ती और घर से बाहर अधिक देर तक रह रहा है तो समझ लेना चाहिए कि बच्चा नशे की गिरफ्त में आ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र किसी अजनबी से बात न करें। कोई भी घटना घटे तो घर जाकर अभिभावकों को जरूर बताएं। नशा सप्लाई करने वाले की शिकायत पुलिस या 100 नंबर पर करें। इस अवसर पर स्कूल के उप-प्रधानाचार्य राजकुमार कालिया, सतपाल, दिग्विजय, धनवीर, विवेक, आशा वर्कर शीतल, सीमा, उर्मिला समेत 204 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।