ग्राम पंचायत ग्रामीण नाहन की पहली ग्राम सभा में पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान सुषमा सैनी ने की, जबकि उपप्रधान अनिल जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्राम सभा में नए पंचायत घर के निर्माण के प्रस्ताव को प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि नए भवन में युवाओं के लिए लाइब्रेरी और इनडोर खेल सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल मिल सके। बैठक में पंचायत क्षेत्र के लंबे समय से लंबित बनोग-कांशीवाला सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने की बात कही गई। इसके अलावा पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, स्वच्छता व्यवस्था, परिवार विभाजन, वृद्धावस्था, विधवा और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई। विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव पारित कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभा के बाद पंचायत प्रधान सुषमा सैनी और उपप्रधान अनिल जोशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी तथा ग्राम सभा में उठे मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।