जिला मुख्यालय नाहन के कई रिहायशी इलाकों में इन दिनों डोरबेल प्रैंक लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ स्कूली और कॉलेज छात्र-छात्राएं घरों की घंटी बजाकर तुरंत वहां से भाग जाते हैं। यह सिलसिला लगातार जारी रहने से परिवारों, खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घंटी बजते ही लोग अपने काम छोड़कर दरवाजा खोलने पहुंचते हैं, लेकिन बाहर कोई नहीं मिलता। कई घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में ऐसी घटनाएं रिकॉर्ड भी हुई हैं। लोगों का कहना है कि यह हरकत दिन के साथ-साथ शाम और रात के समय भी हो रही है, जिससे मोहल्लों का शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जहां बुजुर्ग अकेले रहते हैं या घर में कोई गंभीर मरीज मौजूद है। बार-बार दरवाजे तक आने-जाने से बुजुर्गों को शारीरिक परेशानी होती है और गिरने का खतरा भी बना रहता है। वहीं रात के समय अचानक घंटी बजने से लोगों में घबराहट का माहौल बन जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी शहर के कुछ इलाकों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक-युवतियां इस तरह की शरारत करते दिखाई दिए हैं। नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।