हाउसिंग बोर्ड एसोसिएशन और यशवंत विहार कॉलोनी के निवासियों ने कॉलोनी के बीच से प्रस्तावित 35 केवी बिजली लाइन निकालने का विरोध करते हुए बिजली बोर्ड के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि लाइन को किसी सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग से गुजारा जाए, ताकि लोगों के घरों और जान-माल को किसी प्रकार का खतरा न हो। शुक्रवार को पार्षद नरेंद्र तोमर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता (एसई) और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रस्तावित 35 केवी लाइन ऐसे संकरे मार्ग से निकाली जा रही है, जिसके दोनों ओर मकान काफी नजदीक हैं। ऐसे में भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र से 11 केवी बिजली लाइन ले जाने का विरोध किया गया था। अब अधिक क्षमता वाली 35 केवी लाइन उसी मार्ग से प्रस्तावित होने पर स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। निवासियों ने कहा कि वे शहर के विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास कार्यों के साथ सुरक्षा मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बिजली बोर्ड से आग्रह किया कि लाइन के लिए ऐसा मार्ग चुना जाए, जिससे लोगों के घरों और परिवारों की सुरक्षा प्रभावित न हो। इस अवसर पर विवेक कौशिक, लायक राम शास्त्री सहित कॉलोनी के कई निवासी मौजूद रहे।