शहर की सुंदरता को बढ़ाने को लेकर राउंड सड़क पर 1.35 करोड़ की लागत से टारिंग का कार्य किया जा रहा है। सड़क पर पहले लोगों को हिचकोले खाने पड़ते थे, जिसके समाधान को लेकर यहां कार्य शुरू किया गया है। यह जानकारी विधायक अजय सोलंकी ने शुक्रवार को राउंड सड़क चल रहे कार्य का निरीक्षण करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर पहले इंटरलॉक टाईलों को बिछाया गया था, जिन्हें बार-बार उखाडऩे तथा टाईलों के धंसने के चलते सड़क उबड़-खाबड़ हो गई थी, जिसके बाद यहां बरसात से पहले टारिंग का कार्य शुरू किया गया था। जिसे बाद में बरसात के चलते रोकना पड़ा था। अब पुन: कार्य शुरू किया गया है। विधायक ने इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति व नगर परिषद के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टारिंग से पहले सभी पेयजल लाईनों को जोड़ दिया जाए ताकि टारिंग के बाद खुदाई न करनी पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर परिषद को सड़क के साथ लगते स्थान की सफाई व ड्रेनेज जालों को बिछाने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क के कार्य को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक सड़क के साथ रह रहे लोगों व दुकानदारों से भी मिले और कार्य के दौरान सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्य के जल्द समाप्त होने के बाद लोगों को यहां राहत मिलेगी और सड़क भी सुंदर होगी। जिला दण्ड़ाधिकारी जिला सिरमौर सुमित खिमटा ने शुक्रवार को मोटर वाहन अधिनियम में प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए तथा जन सुरक्षा व उनकी सुविधा के दृष्टिगत रानीताल चौक से बस अड्डा चौक तक सड़क के मुरम्मत कार्य के निष्पादन को लेकर 26 से 28 अक्तूबर 2024 तक यातायात की आवाजाही को बन्द रखने के आदेश जारी किए है। आदेश के अनुसार सडक की मुरम्मत का कार्य सुबह 9:00 से दिन में 1:00 बजे तक किया जाएगा तथा सरकारी व प्राईवेट बसें जोकि बस स्टैण्ड से वाया रानीताल, गुन्नुघाट, दिल्ली गेट होते हुए आती जाती हैं, उनको जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैण्ड से होते हुए बस्ती चौक से ही डायवर्ट किया जाएगा ताकि सडक मुरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सके।