फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO : नाहन में बनेगा सूबे का पहला ई हाउस विद्युत सबस्टेशन

अंकेश डोगरा Updated Sun, 05 Jan 2025 01:43 PM IST

जिला सिरमौर के नाहन में प्रदेश का अपनी तरह का पहला आधुनिक विद्युत सबस्टेशन जल्द लगने की उम्मीद है। सब स्टेशन की टैंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिसके बाद यहां हरियाणा के करनाल, वाराणसी, उड़ीसा, मुंबई व आंध्रप्रदेश की तर्ज पर आधुनिक ई-हाऊस सबस्टेशन मिल सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन के धकूला में करीब एक बीघा भूमि पर 20 एमवीए क्षमता का विद्युत सबस्टेशन लगाये जाने की योजना है। जिसको लेकर टैंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। खास बात यह है कि यह सबस्टेशन स्टेट ऑफ आर्ट तरह का ई-हाऊस तकनीक पर आधारित होगा। इस तकनीक पर लगने वाला यह प्रदेश का पहला सबस्टेशन होगा। अभी हरियाणा के करनाल में इस प्रकार का सबस्टेशन चल रहा है। इस तकनीक को लेकर हिमाचल में यह सबस्टेशन तैयार किया जाएगा। आमतौर पर विद्युत सबस्टेशन 2 से 4 बीघा तक भूमि पर स्थापित होते हैं। ई-हाऊस तकनीक पर लगाए जा रहे इस सबस्टेशन की खास बात यह है कि यह 8 बिस्वा से एक बीघा तक भूमि पर स्थापित हो जाएगा। इसके अलावा इस सबस्टेशन को लगाने में भी ज्यादा दिन का समय भी नहीं लगेगा। यह पहले ही कंटेनर के आकार में तैयार होकर आएगा और यहां एक से दो दिन में ही स्थापित कर दिया जाएगा। इनकी मेंटनेंस का खर्चा भी न के बराबर बताया जा रहा है। यह हायर ग्लोबल सेफ्टी स्टेंडर्ड पर बना है। सब स्टेशन को दूसरी जगह शिफ्ट करना भी बेहद आसान होता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सब स्टेशन 8.5 करोड़ रूपये की लागत से बनाया जाएगा। इसको लेकर टैंडर प्रक्रिया की जा रही है। सब स्टेशन वातानुकूलित तथा सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा। जिसकी मॉनिटरिंग करना भी आसान होगा। बताया यह भी जा रहा है कि यहां कम संख्या में कर्मियों की आवश्यकता रहेगी। गौरतलब है कि ऐतिहासिक शहर नाहन में सर्दियों के मौसम में विद्युत की खपत बढऩे के चलते शहरवासियों को लगातार विद्युत कटों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान ओवरलोड़ के चलते विद्युत बोर्ड के लाखों की कीमत के कई ट्रांस्फार्मर हर साल जल जाते हैं। सब स्टेशन के मिलने से नाहन में विद्युत कटों की समस्या से शहरवासियों को निजात मिलेगी। दर्शन सिंह अधीक्षण अभियंता विद्युत बोर्ड सिरमौर ने कहा कि नाहन में सर्दियों में लग रहे विद्युत कटों को देखते हुए धकूला में 8.5 करोड़ के बजट से 20 एमवीए क्षमता का स्टेट ऑफ आर्ट प्रकार का आधुनिक ई-हाऊस सबस्टेशन लगाया जा रहा है। यह कंटेनर के आकार में पहले ही तैयार होकर आएगा। जिसे एक से दो दिन में ही स्थापित किया जा सकता है। सबस्टेशन को लेकर टैंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें