उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला सिरमौर के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई में 19 करोड़ से निर्मित होने वाले 100 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल भवन का भूमि पूजन किया। इस दौरान उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जल्द ही इस भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा जिसके बाद नागरिक अस्पताल शिलाई में मरीजों की सुविधा के लिए 100 बिस्तरों की व्यवस्था होगी। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्राथमिकता के आधार पर दूरवर्ती क्षेत्रों के अस्पतालों में ढांचागत तथा स्टाफ सुविधा का विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिये दूर अस्पतालों में न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण से आने वाले समय में गांव के लोगों को आर्थिक तंगी के चलते उपचार से महरूम नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही शिलाई नागरिक अस्पताल में विषय विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित नर्सों के रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में लगभग 300 अध्यापकों के रिक्त पदों को भरा गया है उन्होंने कहा कि शिलाई के लिए 68 करोड़ की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है जिसमें से 28 करोड़ सीवरेज के लिए तथा 30 करोड़ पानी तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्तावित है। उद्योग मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के शिलाई विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, निदेशक एचपी एसआईडीसी रमेश देसाईक, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रताप सिंह तोमर व रंजीत नेगी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरी राम शास्त्री, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश बंसल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग प्रदीप चौहान, सीएमओ अमिताभ जैन, बीएमओ अजय देवल, अतर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि मौजूद रहे।