भारतीय जनगणना 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को ददाहू में प्रगणकों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के पहले दिन 42 प्रगणकों (एनमानेटर) व सुपरवाइजरों ने भाग लेकर जनगणना की बारीकियों को समझा। शिविर का शुभारंभ करते हुए चार्ज असेंसिज ऑफिसर (जनगणना प्रभारी) एवं तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पार्दर्शिता, सत्यता व समयबद्धता के साथ पूरा करने का प्रगणकों से आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों विशेष कर शिक्षित युवाओं को डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना प्रक्रिया अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्व जनगणना का पोर्टल 15 जून तक खुला रहेगा। लोग घर बैठे ही अपनी जनगणना स्वयं कर सकते हैं। देशभर में यह डिजिटल प्रक्रिया पहली बार लागू हुई है। इसका लाभ शिक्षित युवाओं को उठाना चाहिए। वर्ष 2026 की भारतीय जनगणना को लेकर ददाहू में 13 सुपरवाइजर व 67 प्रगणकों को नियुक्त किया गया है। पहले चरण में 42 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। मुख्य प्रशिक्षक अशोक कुमार व अभिषेक ठाकुर ने जनगणना में प्रगणकों की भूमिका और उनकी जिम्मेदारी और लोगों से पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों की जानकारी प्रदान की। इस मौके पर अधीक्षक गौरव पाठक, जनगणना सहायक एवं कानूनगो अनूज शर्मा व काजल सहित प्रगणक मौजूद रहे।