सिरमौर जिले में गैस कनेक्शनों पर केवाईसी के बाद अब घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को कनेक्शनों की भी केवाईसी (अपने ग्राहक को जानों) करवानी होगी। विद्युत बोर्ड की ओर से केवाईसी के लिए 31 अक्तूबर तक समय सीमा तय की है। उपभोक्ताओं को निर्धारित समयावधि के तहत केवाईसी करवानी होगी। यदि निर्धारित समयावधि में उपभोक्ता केवाईसी नहीं करवाते हैं तो आने वाले समय में उन्हें बिजली बिलों पर सरकार की तरफ से मिलने वाली सब्सिडी समाप्त कर दी जाएगी। इसी को देखते हुए विद्युत बोर्ड की टीमें उपभोक्ताओं के घरों तक जाएंगी और मौके पर जाकर बोर्ड द्वारा उपलब्ध करवाई गई ऐप के माध्यम से डाटा भरा जाएगा। इस दौरान विद्युत मीटर खाता संख्या को उपभोक्ता के आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। उपभोक्ताओं को जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और बिजली का कोई भी नया और पुराना बिल साथ में होना चाहिए और केवाईसी के दौरान अपना मोबाइल साथ में रखना होगा जो मोबाइल नंबर आधार कार्ड से जुड़ा हो। यदि किसी कारण वश आपकी केवाईसी घर पर न हो पाए तो उपभोक्ता ऑफिस आकर अपनी केवाईसी करवा सकता है।