जिला सिरमौर के कोलर गांव में सोमवार देर शाम को हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने एक किराना दुकानदार और उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में दुकानदार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को बरामद कर लिया है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलर गांव में एक किराना दुकान पर रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी दुकान के बाहर आकर रुकी। गाड़ी में से 4 से 5 नकाबपोश हमलावर नीचे उतरे। उनके हाथों में डंडे और तेजधार तलवारें थीं। बदमाशों ने दुकान में दाखिल होते ही वहां मौजूद दुकानदार राजेंद्र, उनके बेटे विशाल और भतीजे प्रवीण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले से दुकान के भीतर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय निवासियों की मदद से तीनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों (राजेंद्र, विशाल और प्रवीण) को तुरंत उपचार के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही सिरमौर पुलिस तुरंत हरकत में आई और जिले भर में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस की सतर्कता के कारण हमलावरों की स्कॉर्पियो गाड़ी को सुकेती के समीप घेर लिया गया। हालांकि, खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर जंगलों की तरफ भागने में सफल रहे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को सुकेती के पास से बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापामारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।