भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस मंत्री जगत नेगी जिस भाषा और अंदाज में वक्तव्य दे रहे हैं, वह स्पष्ट दिखाता है कि वह सदन को उकसावे वाला राजनीतिक मंच बनाने पर तुले हुए हैं। विपक्ष को इस बात के लिए कोई मजबूर नहीं कर सकता कि वह सदन में देशविरोधी, समाजविरोधी और वैमनस्य फैलाने वाली कांग्रेस की भाषा को सुनने के लिए बाध्य हो। बलदेव तोमर ने कहा कि आज उन्होंने आरएसएस को कटघरे में खड़ा करने की जो नाकाम कोशिश की, वह कांग्रेस की वैचारिक दिवालियापन और मानसिक हताशा का सबसे बड़ा उदाहरण है। करोड़ों लोग स्वेच्छा से आरएसएस से जुड़ते हैं, लेकिन कांग्रेस को राष्ट्रसेवा और अनुशासन की यह संस्कृति हमेशा से चुभती है। कांग्रेस के मंत्री यह मानसिक कुंठा अब सदन में उगलने लगे हैं। तोमर ने कहा कि मंडी में हुए जबरदस्त विरोध ने मंत्री को और असुरक्षित बना दिया है। जनता की नाराजगी से उत्पन्न दबाव ही उनकी बेतुकी बयानबाजी का कारण है।