प्रदेश में निजी अस्पतालों में हिमकेयर योजना के तहत रोगियों का इलाज बंद हो जाने के बाद दीर्घकालीन (क्रॉनिक) रोगियों में रोष व्याप्त है। जिला सिरमौर में सोमवार को दीर्घकालीन रोगियों की ओर से अनोखे ढंग से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। रोगियों ने मुख्यमंत्री की बीमारी को लेकर घर-घर जाकर चंदा एकत्रित किया जा रहा है। रोगियों का कहना है कि जब तक निजी अस्पतालों में हिमकेयर योजना के तहत इलाज शुरू नहीं होता तब तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जो चंदा एकत्रित होगा उसे राज्यपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इससे पूर्व सिरमौर प्रैस क्लब में बुलाई पत्रकारवार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता नाथूराम सहित गंभीर बीमारियों से जुझ रहे दीर्घकालीन रोगियों संगड़ाह निवासी कुश, नाहन निवासी संगीता देवी, धर्मवीर, श्री रेणुका जी निवासी आशा देवी, नाहन के गोबिंदगढ़ निवासी मंगल सिंह, शंभूवाला निवासी सुमेर आदि ने बताया कि सरकार की ओर से भुगतान न किए जाने के बाद निजी अस्पतालों ने 1 फरवरी से हिमकेयर योजना के तहत रोगियों का इलाज बंद कर दिया है, जिसके चलते प्रदेश के साथ साथ जिला सिरमौर में भी रोगियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कांग्रेस पार्टी की भी इस मामले में चुप्पी पर उन्होंने सवाल उठाए।