नेशनल हाईवे नाहन-कुमारहट्टी 907-ए पर वार्ड नंबर तीन में हाथी की कब्र के समीप 10 साल से खुले में बह रही सीवर से लोगों को निजात दिलाने के स्थायी प्रयास शुरू हो गए हैं। नेशनल हाईवे से गुजर रही खस्ताहाल सीवरेज लाइन को नया रूप देने का कार्य शुरू दिया गया है। नगर परिषद के कर्मचारियों ने यहां नई पाइप डाल दी है, अब चैंबर बनाए जाएंगे। उम्मीद है दो से तीन दिन में इस कार्य को पूरा कर लोगों की इस समस्या को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। बता दें, नेशनल हाईवे से गुजर रही यह सीवरेज नाली लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी और हर दूसरे दिन लोगों के घरों की सीवर खुले में बह रही थी। इसके कारण स्थानीय लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की मांग पर नगर परिषद के कर्मचारी इसे ठीक करके चले जाते लेकिन दो दिन बाद फिर वही हाल। पिछले 10 से 12 सालों में लोगों को इस गंदगी से स्थायी रूप से निजात दिलाने के प्रयास ही नहीं किए गए। इससे स्थानीय लोगों में भी भारी रोष पनपा हुआ था।