- सिरमौर मुस्लिम संगठन का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा को ज्ञापन देने पहुंचा: संवाद
प्रधानमंत्री मोदी कूटनीतिक आधार पर बंगलादेश पर बनाएं दबाव
सिरमौर मुस्लिम संगठन ने एसडीएम पांवटा के माध्यम से ज्ञापन भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर मुस्लिम संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब से मिला। ज्ञापन सौंपकर बंगलादेश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता जताई। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की गई कि कूटनीतिक तौर पर बंगलादेश पर दबाव बनाया जाए, जिससे हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के साथ वहां पर स्थित मंदिरों की सुरक्षा हो सके।
शनिवार को सिरमौर मुस्लिम संगठन और हिमाचल मुस्लिम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नजाकत अली हाशमी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पड़ोसी देश बंगलादेश में मौजूदा हालातों पर चिंता जताई गई। प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर हिन्दू समुदाय के लोगों पर उपद्रवियों द्वारा अत्याचार किए जा रहे हैं। पूजा स्थलों को भारी क्षति पहुंचाई जा रही है। ये बेहद चिंता का विषय है। बैठक के बाद नजाकत अली हाशमी के साथ महासचिव मुस्ताक अहमद, कोषाध्यक्ष ताहिर हुसैन, जिला प्रवक्ता मुस्तेहसन, प्रदेश इकाई सदस्य व जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद इरफान रावत, वसीम मलिक, मुस्ताक अली, शेखावत अली, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद यूनस, लियाकत अली, अनीश अहमद समेत कार्यकारिणी सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपा। जिसमें देश के प्रधानमंत्री से बंगलादेश पर दवाब बनाने का आग्रह किया है, हिन्दू समुदाय पर अत्याचार रोके जा सकें। धार्मिक स्थलों और मंदिरों में तोड़फोड़ बंद करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो। एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने पुष्टि की है। एसडीएम ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा है। देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेज दिया जाएगा।
संवाद