नन्हे बच्चों ने जन्म दिवस पर पौधरोपण करने का दिया संदेश
सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल बैडोन ने मनाया वार्षिक उत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू( सिरमौर)। सरस्वती विद्या मंदिर (एसवीएम) पब्लिक स्कूल बैडोन में बुधवार को वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके समां बांधा। एसवीएम पब्लिक स्कूल सतौन के पूर्व प्रधानाचार्य जय गोपाल गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि धर्मपाल परमार व बलिंद्र शास्त्री विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
इस दौरान आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने जन्मदिवस पर पौधरोपण करने का संदेश दिया। कविताओं के साथ-साथ देशभक्ति के गीतों पर बच्चों ने जमकर रंग जमाया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों ने मोबाइल, फास्ट फूड आदि से दूर रहने का संदेश दिया।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नंदलाल शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि यह पाठशाला 2007 से बैडोन ग्राम में संचालित है, जिसके माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारने का संकल्प लिया गया है। मुख्यातिथि ने विद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए 11,000 रुपये की राशि प्रबंधन समिति को भेंट की। इस मौके पर विनोद गर्ग, दीपक कुमार, मनोज शर्मा, रणदेव, जोगिंद्र चौहान, रमेश शर्मा, राजेंद्र नेगी, अनिल गुप्ता, श्याम चंद, पूरन सिंह, पीसी जोशी व भूषण गुप्ता सहित अन्य अध्यापक व अभिभावक मौजूद रहे।
...संवाद