राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझेवटी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में जिलाध्यक्ष एनपीएसईए एवं प्रदेश मुख्य वक्ता अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कुशाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। वार्षिकोत्सव में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़ कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। छात्र और छात्राओं ने एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य करके दर्शकों का मन मोहा। कई छात्र- छात्राओं ने नाटक प्रस्तुत करके लोगों को जागरूक किया। पर्यावरण, पेड़ की अंधाधुंध कटाई से हानि, देशभक्तों की वीरता, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे संदेश संगीत और नाटक के माध्यम से दिए। कार्यवाहक प्रधानाचार्य किरण ठाकुर ने पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान अतिथियों ने प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया। नमन भैक और आरुषि पालसरा को स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया। यमुना हाउस को बेस्ट हाउस के खिताब से नवाजा। मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चों को अच्छा नागरिक बनाने में माता-पिता के बाद शिक्षण संस्थानों का अहम योगदान होता है। शिक्षकों को बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देनी चाहिए। जिस तरह स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, ऐसे में लगता है कि शिक्षक और छात्र कड़ी मेहनत करते हैं। शिक्षा के साथ छात्रों के कौशल विकास के लिए इस तरह की सांस्कृतिक गतिविधि समय पर होते रहनी चाहिए। छात्रों को अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित जरूर करना चाहिए और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मेहनत अति आवश्यक है। पर्यावरण के प्रति भी हमें सजग रहना चाहिए। वनों को आग लगने से बचाना होगा। इस मौके पर होशियार सिंह मेहता, ऊषा गुप्ता, संतोष खोश, अशवनी शर्मा, बुद्धि सिंह नेगी, लाजवंती, तारा चंद, प्रेम देव शर्मा, यशपाल वर्मा, विनोद पालसरा, अनिता, मूल चंद, प्रीतम, कैलाश भलूनी, कुशल शर्मा और संजीव नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।