फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: कुल्लू के श्वाड में लगेगा 10 हजार लीटर क्षमता का आधुनिक चिलिंग प्लांट, 15 पंचायतों के दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा लाभ

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के श्वाड क्षेत्र में दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी सुविधा विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश मिल्क फेड यहां 10 हजार लीटर से अधिक क्षमता वाला आधुनिक चिलिंग प्लांट स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है। इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि का चयन किया जा रहा है। रविवार को हिमाचल प्रदेश मिल्क फेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने आनी क्षेत्र के कराणा स्थित दुग्ध उत्पादक सहकारी सभा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने दुग्ध संग्रहण व्यवस्था, सोसाइटी भवन और बल्क मिल्क कूलर प्लांट का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि कराणा में स्थापित दो हजार लीटर क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर प्लांट की एजीटेटर मोटर पिछले पांच दिनों से खराब है। इसके कारण दूध के संरक्षण में परेशानी आ रही है और दूध खराब होने की आशंका बनी हुई है। इस पर मिल्क फेड अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि नई मोटर जल्द उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि दुग्ध संग्रहण व्यवस्था सामान्य हो सके। बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रस्तावित आधुनिक चिलिंग प्लांट के शुरू होने से करीब 15 पंचायतों के किसानों का दूध स्थानीय स्तर पर ही एकत्र और संरक्षित किया जा सकेगा। इससे हरिपुर चिलिंग प्लांट पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव में भी कमी आएगी। इस दौरान किसानों ने अन्य गांवों में नए दूध संग्रहण केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि यदि उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो मिल्क फेड इस दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि हरिपुर चिलिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें