किन्नौर जिले में बीती रात से लगातार हो रही बारिश के बीच सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नाथपा और कड़छम बांध के साथ बास्पा नदी पर बने कुप्पा बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। बांधों और बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण सतलुज नदी उफान पर है। निचले क्षेत्रों में लोगों को सायरन बजाकर लगातार सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है। जेएसडब्ल्यू हाइड्रो एनर्जी लिमिटेड की ओर से कुप्पा बैराज से 33 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इससे नदी में कुल जल प्रवाह 130 क्यूमेक तक पहुंचने की संभावना है। वर्तमान में नदी में 97 क्यूमेक पानी का बहाव दर्ज किया गया है। बैराज से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी इसी बहाव में शामिल होगा। जेएसडब्ल्यू हाइड्रो एनर्जी लिमिटेड के शिफ्ट इंचार्ज ने बताया कि बास्पा नदी में जल प्रवाह लगातार बढ़ रहा है। इसी के मद्देनजर कुप्पा बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्णय लिया गया है। पानी को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर बैराज से और अधिक पानी भी छोड़ा जा सकता है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश और भारी वर्षा के कारण सतलुज नदी में गाद की मात्रा भी बढ़ गई है। इसके मद्देनजर नाथपा बांध से पानी छोड़कर जलाशय की सफाई की जाएगी। इस दौरान नाथपा बांध से करीब 1,300 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। ऐसे में सतलुज नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी और जलाशयों के आसपास न जाने तथा सायरन और चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की गई है।