सेब सीजन चरम पर है और रामपुर उपमंडल की 70 फीसदी सड़कों पर वाहनों के पहिये जाम हो गए हैं। ऐसे में बागवानों का सेब बागीचों में ही सड़ने के कगार पर पहुंच गया है। इसके अलावा रामपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ सुविधाएं दम तोड़ चुकी है। इस संबंध में बुधवार को भाजपा मंडल रामपुर ने एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। भाजपा नेता कौल सिंह की अध्यक्षता में ज्ञापन सौंपा गया। नेगी ने कहा कि रामपुर और ननखड़ी में अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत बदतर है। 70 प्रतिशत सड़कों पर यातायात ठप है। 15/20 घाटी की कूट पंचायत, सरपारा पंचायत, 12/20 घाटी की चार पंचायतें देवठी, कूहल, काशापाट और मुनिश सड़कें पूरी तरह से बाधित हैं। सड़कों के बाधित होने से जहां बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुग्ध उत्पादकों का हजारों लीटर दूध प्लांट तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। इस मौके पर भाजपा मंडल के अध्यक्ष नरेश चौहान, महामंत्री दिनेश खमराल, राम मूर्ति, विजय गुप्ता और स्वाति बंसल सहित कई अन्य मौजूद रहे।