अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में पदम स्कूल रामपुर के सभागार में मंगलवार को बुशहर बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर रामपुर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्त ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में पुरुषों के लिए पांच आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें अंडर-19 में 32 टीमें भाग ले रही हैं। 19 से 30 वर्ष में 12 टीमें, 30 से 40 वर्ष में 10 टीमें, 40 से 50 वर्ष में 12 टीमें और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 10 टीमें अपना खेल प्रदर्शन करेंगी। राजेश गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिता में रामपुर, ननखड़ी, कुमारसैन, आनी, निरमंड और किन्नौर क्षेत्र के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और खेल आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। आयोजकों ने खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। कहा कि 30 अक्तूबर को बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन होगा।