बीती रात से लगातार हो रही बारिश के बीच आनी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो कारें पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गईं। एक हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि दूसरी घटना में सड़क किनारे खड़ी टैक्सी कार पर भारी चट्टान गिर गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पहला हादसा किरण बाजार-बराड़ के बीच एनएच-305 पर हुआ। यहां बारिश के बीच सड़क से गुजर रही एक कार पर अचानक पहाड़ी से मलबा आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने राहत और बचाव में मदद की। दोनों घायलों को मलबे में फंसी कार से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। मलबा गिरने की घटना के बाद एनएच-305 पर यातायात भी प्रभावित हुआ। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से दोबारा मलबा और पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। दूसरी घटना आनी के नए बस अड्डे के पास हुई। यहां पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान सड़क किनारे खड़ी टैक्सी नंबर की कार से जा टकराई। चट्टान गिरने से कार को काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आनी क्षेत्र में बीती रात से बारिश का दौर लगातार जारी है। ऊपरी शिमला, किन्नौर और कुल्लू के आउटर सिराज क्षेत्र में भी लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा और चट्टानें गिरने की घटनाओं से सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन और वाहन चालकों के लिए बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी हो गई है।