मंडी जिले के आराध्य देव कमरूनाग के ऐतिहासिक मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गोहर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर मंडी दिनेश कुमार ने मेले के दौरान लागू रहने वाले यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि 14, 15 व 16 जून को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक रोड मैप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को देव कमरुनाग मंदिर जाने के लिए तीन प्रमुख मार्गों से वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी। इसमें वाया सरोआ, फंग्यार व वाया शाला आवाजाही होगी। वहीं, देव कमरूनाग से वापसी के दौरान सभी वाहनों को झौर से वाया जाछ मार्ग का ही उपयोग करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध गोहर पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 70 पुलिस एवं होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपनी सेवाएं देंगे। उपमंडलाधिकारी गोहर देवी सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें, स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।