सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी कालोनी बाजार बुधवार को पूरी तरह बंद रहा। यह बंद बीबीएमबी की ओर से 17 दुकानों को ढहाने के फैसले के विरोध में रखा गया। बीबीएमबी कालोनी व्यापार मंडल के प्रधान अश्वनी सैनी ने बताया कि बीबीएमबी के इस निर्णय से स्थानीय व्यापारियों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा, इसलिए विरोध स्वरूप बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर विधायक राकेश जमवाल ने व्यापारियों के साथ एकजुटता जताते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड प्रशासन से दुकानों को ढहाने के फैसले को तुरंत निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह का कदम उचित नहीं है। व्यापारियों ने पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर से भी मुलाकात कर उनसे आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को बीबीएमबी प्रबंधन के समक्ष उठाकर समाधान की दिशा में पहल करें। व्यापारियों का कहना है कि जब तक समस्या का न्यायसंगत समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।