वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में भारतीय सशस्त्र बलों में कॅरियर विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार के प्रेरक संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि एनसीसी देश की एकता और अखंडता की मजबूत कड़ी है। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन के नेतृत्व में महाविद्यालय के एनसीसी वायुसेना विंग ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। संगोष्ठी की अध्यक्षता फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने की। उन्होंने कहा कि एकता, अनुशासन और परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। एनसीसी युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करता है तथा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट पंकज कुमार ने एनडीए, सीडीएस और एनसीसी स्पेशल एंट्री से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं और बताया कि एनसीसी युवाओं के सपनों को साकार करने में सहायक है। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. संजय नारंग, सहायक प्रोफेसर डॉ. होशियार सिंह, पूर्व एनसीसी कैडेट अंकुश कुमार, अंकुश शर्मा सहित सैकड़ों कैडेट उपस्थित रहे।