फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sawan 2026: सावन के पहले सोमवार पर छोटी काशी मंडी के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन माह के पहले सोमवार पर छोटी काशी मंडी भगवान शिव की भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आई। सुबह चार बजे मंदिरों के कपाट खुलते ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने जलाभिषेक कर, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हुए भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर के प्रसिद्ध बाबा भूतनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसरों में धार्मिक माहौल के बीच हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए अनुशासित ढंग से दर्शन करते दिखाई दिए। बाबा भूतनाथ मंदिर के पुजारी महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि पहले सोमवार पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए लगभग 5 क्विंटल दूध से तैयार खीर का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से भी खीर और अन्य प्रसाद के भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि छोटी काशी मंडी के प्राचीन शिवालयों की अपनी अलग धार्मिक महत्ता है। स्थानीय निवासी प्रेम चंद और करण ने कहा कि भगवान शिव की नगरी में रहकर पहले सावन सोमवार पर दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सावन मास की शुरुआत 16 जुलाई से हुई है और इसका समापन 15 अगस्त को होगा। इस बार सावन में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिन्हें शिव उपासना के लिए विशेष फलदायी माना जाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें