मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सलापड़ में जागरूकता-सह-संवाद कार्यक्रम का आयोजन उपमंडलाधिकारी (ना.) सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर अमर नेगी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है तथा पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्थानीय समुदाय को मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ कार्य करना होगा। कार्यक्रम में नशा निवारण समिति के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, युवाओं तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया। अमर नेगी ने कहा कि प्रशासन द्वारा नशा विरोधी अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा तथा समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के खिलाफ संगठित किया जाएगा। अमर नेगी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई।