मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को पंडोह से लेकर थलौट तक भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। मैदानी इलाकों में लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। बाहरी राज्यों से हजारों वाहन कुल्लू-मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर पहुंच रहे हैं, जिसके चलते सड़क पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। हालात यह है कि पंडोह के एमी कैंप से लेकर थलौट तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लगी रहीं। कई जगह वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पंडोह पुलिस के जवान लगातार मोर्चा संभाले रहे। पुलिस कर्मी जगह-जगह तैनात होकर ट्रैफिक को सुचारू करने में जुटे दिखाई दिए। तेज धूप और भारी वाहनों के दबाव के बीच पुलिस जवान लगातार ड्यूटी करते नजर आए, लेकिन वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण जाम की स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान हर वर्ष पंडोह से कुल्लू मार्ग पर इसी तरह की समस्या सामने आती है। लोगों ने मांग उठाई है कि इस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर तरीके से संभाली जा सके। वहीं लोगों का यह भी कहना है कि यदि पंडोह बाईपास का निर्माण समय पर हो गया होता तो आज इस तरह के जाम के हालात पैदा नहीं होते। लंबे समय से प्रस्तावित पंडोह बायपास को लेकर क्षेत्र के लोग लगातार मांग उठा रहे हैं, ताकि मंडी-कुल्लू मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत मिल सके। पर्यटकों की भारी आवाजाही के चलते आने वाले दिनों में भी इस मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से संयम बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।