मंडी जिले में बदले मौसम के मिजाज से ठंड बढ़ गई है। मंडी जिला के अधिकतर स्थानों पर बीते रविवार रात और सोमवार सुबह से रूक रूककर बारिश का दौर जारी है। इस कारण जिला भर के ताममान में काफी ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। त्योहारी सीजन में बारिश ने खलल डाल दिया है। स्थानीय निवासी आकाश शर्मा, सोमराज और ललित कुमार ने कहा कि इस बार सदी के मौसम की शुरूआत कड़क ठंड के साथ हो रही है। अमूमन बरसात के बाद इन दिनों मौसम सुहावना बना रहता था। सुबह शाम हल्की ठंड के साथ दिन में तेज धूप वाले इस मौसम का अपना ही एक अलग आनंद होता है। हालांकि आज शरद पूर्णिमा भी है और आज मौसम पूरी तरह से साफ रहता है और लोग नीले आसमान के बीच चांद के भव्य दर्शन करते है। शास्त्रों के अनुसार भगवान भी इस दिन रास करते हैं। लेकिन इस बार शरद पूर्णिमा पर बारिश की बौछारों के बीच ठंड का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि आपदा प्रभावितों को इस बार सर्दी के मौसम में परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए सरकार समय रहते उनके लिए कोई प्रभावी कदम उठाए। बता दें कि इस बार मौसम विभाग ने भी सामान्य से अधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई है। ऐसे में इसके संकेत भी नजर आने लग गए हैं। बरसात के थमने के थोड़े समय के अंदर ही अब सर्दियों की शुरूआत हो गई है।