उपमंडल के सरकारी अस्पतालों में लचर स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभावित परिवारों के मरीज और तीमारदारों ने स्वास्थ्य विभाग के विरूद्ध मोर्चा खोल दिया है। सौ बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में बीते 18 सालों से ठप्प पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवाएं, लडभड़ोल और चौंतड़ा के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी पर शहर में रोष रैली निकालकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए हैं। सोमवार को जोगिंद्रनगर के विभिन्न क्षेत्रों से एकत्रित हुए ग्रामीणों ने अस्पताल में पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सरकारी अस्पतालों में चरमाई स्वास्थ्य सेवाओं पर आयोजित धरने प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने भाजपा और कांग्रेस के नेताओं पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में विधायक प्रकाश राणा क्षेत्रवासियों को सुपर स्पैशलिस्ट अस्पताल के सब्जबाग दिखाते रहे लेकिन उपमंडल के अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तक नहीं हो पाई। वहीं कांग्रेस सरकार में भी जोगेंद्रनगर, लडभड़ोल और चौंतड़ा के अस्पतालों में लचर स्वास्थ्य सेवाओं से हर रोज मरीज परेशान हो रहे हैं। कहा कि गंभीर मरीजों को क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है जबकि मृतकों के पोस्टमार्टम तक सरकारी अस्पतालों में नहीं हो पा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए भी दर-दर भटकना पड़ रहा है। इससे पहले धरने प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और सरकार के विरूद्ध हल्ला बोलकर दोटूक कहा कि अगर सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाओं में जल्द सुधार नहीं लाया गया तो ग्रामीण अपने मरीजों और तीमारदारों के साथ हाईवे की सड़कों पर यातायात अवरूद्ध करने को लेकर भी गुरेज नहीं करेगें। ग्रामीणों ने एसडीएम के माध्यम से सरकार व स्वास्थ्य विभाग को एक ज्ञापन भी सौंपकर व्यवस्था में सुधार लाने की मांग उठाई। मुख्य चिकित्साधिकारी जिला मंडी डॉ. दीपाली शर्मा ने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल के सरकारी अस्पतालों में जिन स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है उसे पूरा करने को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है। जोगिंद्रनगर अस्पताल में रिक्त चल रहे चिकित्सकों के पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की कवायद शुरू कर दी गई है। चौंतड़ा और लडभड़ोल के अस्पतालों में भी रिक्त पड़े चिकित्सकों के पदों को जल्द भरा जाएगा। अल्ट्रासाउंड सेवाएं भी जल्द बहाल होगी।