फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी शिवरात्रि: इस बार फिर से सांस्कृतिक परेड, 13 देश, छह राज्य सहित 33 सांस्कृतिक दल लेंगे भाग

बीते वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में पहली बार आयोजित की गई सांस्कृतिक परेड को इस बार भी आयोजित किया जाएगा। मंडी जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसके लिए 33 सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इसमें 13 देश, छह राज्य और हिमाचल के छह जिलों सहित 33 सांस्कृतिक दल भाग लेकर अपनी समृद्ध संस्कृति की झलक का प्रदर्शन करेंगे। यह सांस्कृतिक परेड शिवरात्रि महोत्सव के दौरान 20 फरवरी को आयोजित की जाएगी। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सांस्कृतिक परेड की शुरुआत डीसी कार्यालय परिसर से होगी जो सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर का परिभ्रमण करेगी। अंतरराष्ट्रीय दलों में संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, फ्रांस, तजाकिस्तान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, बोलीविया, नेपाल, भूटान और श्रीलंका से सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इनके साथ राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, आसाम और मणिपुर जबकि हिमाचल प्रदेश के शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर के सांस्कृतिक दल भी भाग लेंगे। मंडी जिले के पांच सांस्कृतिक दल भी इस भव्य परेड की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा गतका दल, गृहरक्षक बैंड, विभिन्न विषयों पर आधारित झांकियों सहित कुछ अन्य प्रतिभागी भी सांस्कृतिक परेड में सहभागिता जताएंगे। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि इन दलों के शामिल होने से शिवरात्रि महोत्सव का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और निखर कर सामने आ सकेगा और लोगों को भी विश्व के विभिन्न देशों की संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिल सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें